राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे का दावा।
*पीएम और सीएम के साथ मंच पर अनिता भदेल भी बैठी*
झुन्झुनू
8 मार्च को राजस्थान के झुंझुनूं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का विस्तार और राष्ट्रीय पोषण मिशन की शुरुआत हुई। इस समारोह में राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नवम्बर में होने वाले राजस्थान विधानसभा और अगले वर्ष लोकसभा के चुनाव में जीत हासिल की जाएगी। सीएम ने कहा कि हाल ही में पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भाजपा को मोदी के नेतृत्व की वजह से ही सफलता मिली है। कार्यक्रम में सीएम ने बताया कि राजस्थान में किस तरह महिलाओं को केन्द्र की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री की उज्ज्वला योजना में प्रदेश की 25 लाख महिलाओं को अब तक रसोई गैस के कनेक्शन दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह राजस्थान का सौभाग्य है कि झुंझुनूं जिले में प्रधानमंत्री स्वयं आए हैं। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि राज्य सरकार की पदमाक्षी योजना में बेटी के जन्म पर एक लाख तथा राजश्री योजना में पचास हजार रुपए तक की राशि दी जा रही है। स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को साइकिल, स्कूटी और लेपटाॅप तक दिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं कई जिलों में विवाह के मौके पर सात फेरों के मौके के बाद 8वां फेरा भी बेटी बचाने के संकल्प का करवाया जा रहा है। सीएम ने बताया कि कलेक्टर अपने जिले की बेटियों को गोद ले रहे हैं। इस समारोह में पीएम मोदी ने वसुंधरा राजे को उनके जन्म दिन की बधाई भी मंच से दी।
*भदेल भी बैठीः*
अजमेर दक्षिण क्षेत्र की भाजपा विधायक और प्रदेश की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती अनिता भदेल को भी 8 मार्च को झुंझुनूं के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम वसुंधरा राजे के साथ मंच पर बैठने का अवसर मिला। मंच पर केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका गांधी, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अशोक परनामी, झुंझुनूं की सांसद संतोष अहलावत तथा निति आयोग के अध्यक्ष विनोद कुमार पाल भी मौजूद थे।
*पीएम को दूसरा साफा पहनाना पड़ाः*
समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष परनामी ने पीएम मोदी को जब राजस्थानी साफा पहनाया तो वह साफा खुल गया। फलस्वरूप पीएम ने हाथों हाथ साफे को अपने माथे से उतार दिया। इस गलती का अहसास होने पर थोड़ी ही देर में दूसरा साफा मंगवाया गया, जिसे परनामी ने ही पीएम को पहनाया। इस राजस्थानी साफे को पीएम ने काफी देर तक अपने सिर पर रखा।
*बेटियों के साथ खेले पीएमः*
झुंझुनूं में पीएम मोदी ने उन 200 महिलाओं से भी मुलाकात की जिन्होंने वर्ष 2015 में बेटी को जन्म दिया। इसी दौरान दो ढाई वर्ष की बेटियों के साथ पीएम खेले भी। पीएम को उस समय सुखद आश्चर्य हुआ जब बेटियां पीएम के आसपास नाचे लगी। पीएम ने भी सभी बेटियों को नाचने का अवसर दिया।
No comments:
Post a Comment